Advertisement

Petrol Diesel Price Cut 2026 : पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा या नहीं? मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कर दिया बड़ा खुलासा

Petrol Diesel Price Cut 2026

Petrol Diesel Price Cut 2026 : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फिलहाल केंद्र सरकार की पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती करने की कोई योजना नहीं है। उनका कहना है कि भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें दुनिया के कई देशों की तुलना में पहले से ही काफी संतुलित और कम हैं।

शनिवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के लोढ़ी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, एलपीजी गैस की उपलब्धता, हर घर जल योजना और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दाम कम करने को लेकर सरकार के पास फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत ने अपने नागरिकों को अपेक्षाकृत कम कीमतों पर पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने बताया कि कई देशों की तुलना में भारत में ईंधन की कीमतों में वृद्धि काफी नियंत्रित रही है। सरकार लगातार उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले लेती रही है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश का उदाहरण देकर समझाया अंतर

Petrol Diesel Price Latest News : केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पड़ोसी देशों पाकिस्तान और बांग्लादेश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगभग 80 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके मुकाबले भारत में कीमतों में वृद्धि काफी कम रही है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को संतुलित रखने में सफलता मिली है।

पहले भी दी जा चुकी है राहत

Hardeep Singh Puri Statement : हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 और मई 2022 में एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर आम जनता को बड़ी राहत दी थी। इसके अलावा समय-समय पर विभिन्न कदम उठाकर उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हमेशा यह रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर आम उपभोक्ताओं पर कम से कम पड़े।

युद्ध जैसे हालात के बीच भी नहीं होने दिया गैस संकट

Petrol Diesel Rate Today : एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और अस्थिर परिस्थितियों के बावजूद भारत में गैस संकट पैदा नहीं होने दिया गया। सरकार ने समय रहते उत्पादन क्षमता बढ़ाकर मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखा। उन्होंने बताया कि युद्ध से पहले देश में प्रतिदिन 32 से 33 हजार मीट्रिक टन एलपीजी का उत्पादन होता था, जिसे बढ़ाकर 54 हजार मीट्रिक टन तक पहुंचा दिया गया। इससे देशभर में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी।

90 लाख प्रतिदिन पहुंची गैस सिलेंडर की मांग

केंद्रीय मंत्री के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 53 लाख सिलेंडरों की मांग रहती थी, वहीं बाद में यह बढ़कर 90 लाख से अधिक तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि बढ़ती मांग के कारण जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका भी पैदा हुई थी। इससे निपटने के लिए सरकार ने डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्रणाली लागू की, जिससे गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सका।

हर घर जल योजना में सामने आई हैं कुछ चुनौतियां

सोनभद्र जिले में हर घर जल योजना के क्रियान्वयन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में हरदीप सिंह पुरी ने स्वीकार किया कि परियोजना के संचालन में कुछ समस्याएं सामने आई हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि संबंधित विभागों के सहयोग से इन बाधाओं को दूर किया जाएगा और योजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है।

पर्यावरण संरक्षण से कोई समझौता नहीं

Petrol Diesel Price Hike News : जनपद में प्रस्तावित छह वाटर पंप परियोजनाओं के लिए जंगलों की कटाई के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और पर्यावरणीय संतुलन के बीच सामंजस्य बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। सभी परियोजनाओं को आवश्यक पर्यावरणीय मानकों और नियमों का पालन करते हुए आगे बढ़ाया जाएगा।

सरकार संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि केंद्र सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान महत्व देती है। देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र में भारत और अधिक आत्मनिर्भर बनेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।

फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती को लेकर कोई नई घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही है, हालांकि सरकार ने यह जरूर कहा है कि वह आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *